दतिया जिले की रीना गौतम को मिला भारत गौरव सम्मान l
रेपोर्ट l मध्यप्रदेश के दतिया जिले की युवा प्रतिभा रीना गौतम ने अपनी मेहनत, लगन और ईमानदारी के बल पर कम उम्र में एक नई पहचान बनाई है। उन्होंने न केवल अपने जिले बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी उपलब्धियों से सभी को गौरवान्वित किया है। उनकी इसी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उन्हें प्रतिष्ठित “भारत गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया तथा उनका नाम इंडियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। यह उपलब्धि दतिया शहर ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व की बात है।
रीना गौतम ने महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उनके सतत नेतृत्व और संवेदनशील भूमिका के कारण जिले के शहरी, ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाए गए। विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मविश्वास बढ़ाने, हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित किया गया।
हाल ही में भारत की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में रीना गौतम को “नारी सशक्तिकरण सम्मान” से भी सम्मानित किया गया। यह सम्मान समाज के प्रति उनके समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों का प्रमाण है।
रीना गौतम की सफलता आज उन सभी युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है जो अपने सपनों को मेहनत और समर्पण से साकार करना चाहते हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया कि सच्ची लगन और सकारात्मक सोच से व्यक्ति न केवल अपनी पहचान बना सकता है बल्कि अपने परिवार, जिले और देश का नाम भी रोशन कर सकता है।

दतिया जिले की रीना गौतम को मिला भारत गौरव सम्मान l